दुमका:नक्सलियों को राज्य में कमजोर करने के लिए पुलिस उनके आर्थिक स्रोत को भी निशाना बना रही है. यही कारण है कि लेवी वसूली से मिली मोटी रकम को नक्सली हवाला कारोबार के जरिये मंगवा रहे हैं.दुमका पुलिस को ऐसे ही एक मामले में चुड़का मुर्मू की तलाश है.जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित गोसाई पहाड़ी गांव में हवाला कारोबारियों से सांठगांठ के आरोप में एक ग्रामीण चुड़का मुर्मू के घर पुलिस और एसएसबी की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की है.दुमका के एसडीपीओ नूर मुस्तफा, एएसपी (अभियान) आरसी मिश्रा, शिकारीपाड़ा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुशील कुमार एवं एसएसबी के जवानों के साथ गोसाई पहाड़ी पहुंचे. इस दौरान पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर किया गया था. गांव पहुंचे पुलिस ने चुड़का के घर की तलाशी ली. लेकिन चुड़का अपने घर से फरार था.ऐसे में उसकी पत्नी से पहले पुलिस ने पूछताछ की और फिर चुड़का का बैंक अकाउंट, आधार कार्ड और अन्य कागजात जब्त किया. पुलिस ने उसकी पत्नी का भी कागजात जब्त किया.

