BNN DESK: देश में डिजिटल लेनदेन तेजी से बढ़ रहा है. कोरोना काल में ज्यादा से ज्यादा लोग ऑनलाइन सुविधाओं का फायदा उठा रहे हैं. अगर आपको आज भी कोई जरूरी लेनदेन करना है, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.
ऐसा इसलिए क्योंकि आज रात 12 बजे से 18 अप्रैल यानी कल दोपहर दो बजे तक ग्राहक रियल टाइम ग्रॉस सेट्लमेंट (आरटीजीएस) की सुविधा का लाभ नहीं उठा पाएंगे. आरटीजीएस की सुविधा 14 घंटे के लिए बंद रहेगी.
इस संदर्भ में भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि 17 अप्रैल 2021 को कारोबार की समाप्ति के बाद आरटीजीएस प्रणाली की क्षमता को बेहतर बनाने तथा ‘डिजास्टर रिकवरी’ (आपदा सुधार) समय को और बेहतर बनाने के लिए आरटीजीएस को तकनीकी रूप से उन्नत किया जाएगा.
आरबीआई ने कहा कि सदस्य बैंक अपने ग्राहकों को इसके अनुसार अपने भुगतान संचालन की योजना के लिए सूचित कर सकते हैं.
बता दें कि आरटीजीएस सुविधा पिछले साल 14 दिसंबर से 24 घंटे उपलब्ध है. इसके साथ भारत उन गिने-चुने देशों में शामिल है, जहां यह सुविधा 24 घंटे काम करती है.

