Ranchi:सरला बिरला विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया जिसमें सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने विभिन्न सड़क सुरक्षा संबंधी नारे एवं स्लोगन के द्वारा विश्वविद्यालय गेट क्रमांक 1 के पास रांची पुरुलिया रोड से गुजर रहे बिना हेलमेट एवं तेज रफ्तार वाहनों के चालकों को प्रेम पूर्वक यातायात नियमों का पालन करने का अपील किया.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ गोपाल पाठक ने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव जीवन का हेतू सेवा और परोपकार है. हमें सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए जिससे हम स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज के काम आ सके.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर डॉ विजय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सभी पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को समाज में घटित होने वाली विभिन्न दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी लापरवाही ही दुर्घटना के कारक है.
कहा जाता है सावधानी हटी दुर्घटना घटी अतः हमें कभी भी सड़क पर चलते हुए आवश्यक व उपयोगी सावधानियों का प्रयोग करते रहना चाहिए.
राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ संजीव कुमार सिन्हा ने ट्रैफिक नियमों एवं सड़क सुरक्षा के नियमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन अनमोल है जिसे दोबारा प्राप्त नहीं किया जा सकता है. हमें हर हाल में सुखद जीवन के लिए सदैव सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की नितांत आवश्यकता है. वाहन चलाते समय सदैव सतर्क रहें एवं ध्यानपूर्वक सीट बेल्ट का प्रयोग करते हुए मोबाइल के प्रयोग से बचें तथा जल्दबाजी न करते हुए अपने परिवार एवं बच्चों के लिए अपने आप को स्वस्थ रखें.
सड़क सुरक्षा जागरूकता के इस कार्यक्रम में सेवा योजना इकाई के सभी पदाधिकारी, स्वयंसेवक छात्र छात्राओं ने रैली में भाग लिया.
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ गोपाल पाठक, कुलसचिव डॉ विजय कुमार सिंह एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ संजीव कुमार,डॉ राधा माधब झा,प्रो राहुल वत्स,डॉ भारद्वाज शुक्ल, सुभाष नारायण शाहदेव, राहुल रंजन, आदित्य रंजन, अमृत कुमार आदि उपस्थित थे.

