लोकसभा में भाजपा सांसद रमा देवी पर की गई उनकी टिप्पणी से सियासी घमासान मचा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व रामपुर से सांसद आजम खान का विवादों से गहरा नाता रहा है। वह अपने बयानों की वजह से कई बार सियासत में हलचल मचा चुके हैं। कई बार तो उनके बयानों की वजह से उनकी पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ा है। यह आजम को कोई पहला बयान नहीं है जिसकी वजह से ऐसा हुआ हो।
- उत्तर प्रदेश के दादरी में 2015 में गोमांस रखने के शक में इकलाख नाम के शख्स की पीट-पीटकर की गई के बाद आजम खान ने अपने बयान में गोभक्तों को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था, हर गोभक्त आज के बाद किसी होटल के मेन्यू में बीफ की कीमत न लिखने दें। अगर ऐसा होता है तो उन सभी फाइव स्टार होटलों की उसी तरह ईंट से ईंट बजा दें, जिस तरह बाबरी मस्जिद की बजाई थी।
- आजम खान ने 2014 में कारगिल युद्ध पर भी एक विवादित बयान दिया था जिसका चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया था। तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खां ने 1999 में हुए कारगिल युद्ध को मुस्लिम सैनिकों द्वारा जीते जाने की बात कही थी।
- आजम ने इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी को मुस्लिमों का दुश्मन और अमित शाह को गुंडा नंबर-1 की संज्ञा भी आजम ने मंच से दी थी।
- आजम खान ने पीएम मोदी के एक बयान पर टिप्पणी की थी। दरअसल एक इंटरव्यू में एक विदेशी मैग्जीन ने पीएम मोदी से कुछ सवाल किया था जिसके बारे में उन्होंने कहा था कि कुत्ते का बच्चा भी अगर आपकी कार के नीचे आता है तो दुख होता है। उनके इसी बयान को आजम खान ने मुस्लिमों से जोड़ते हुए कहा था कि, कुत्ते के बच्चे के बड़े भाई नरेंद्र मोदीजी हमें तुम्हारा गम नहीं चाहिए।
- बदायूं में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं की अस्मिता पर हमला करते हुए कहा था, गरीब घरों की महिलाएं यार के साथ नहीं जा सकतीं, लिहाजा ज्यादा बच्चे पैदा करती हैं।
- बुलंदशहर गैंगरेप मामला जिसमें मां-बेटी से दुष्कर्म हुआ था उसमें भी आजम खान ने विवादित बयान दिया था जिसके बाद यह बात सुप्रीम कोर्ट तक गई थी। उन्होंने इस मामले में कहा था, सत्ता की लोभी पार्टियां किसी भी हद तक जा सकती हैं। आजम खान ने इस घटना को कथित रूप से राजनीतिक षड्यंत्र बताया था।
- एक बार जब आजम खान से पूछा गया कि वह योगी आदित्यनाथ के गढ़ में हैं तो क्या वह प्यार-मोहब्बत से तल्ख रिश्तों को खत्म करेंगे? इस पर भी आजम खान बाज नहीं आए और कहा था कि पहले योगी आदित्यनाथ शादी करें और अपना मर्द होना साबित करें। तब वह मोहब्बत भी करने लगेंगे।
- आजम खान ने मॉब लिंचिग की घटनाओं को लेकर कहा कि यह 1947 के बाद मुसलमानों को मिलने वाली सजा है। मुस्लिम जहां भी जाएंगे उन्हें यह सहना ही पड़ेगा। अब जो होगा, उसे सहना होगा।

