Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा की भाजपा वाले झारखंड मे अस्थिरता पैदा करना चाह रही है. भाजपा वाले बाहर के खिलाड़ी लाकर छल कपट से युद्ध लड़ना चाहती है. जनता द्वारा दिए गए मैंडेट को नजरअंदाज कर भाजपा वाले खरीद-फरोख्त कर हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा दे रहे हैं. परंतु मैं साफ कर देना चाहता हूं कि भाजपा वाले जितना भी तिकड़म बाजी कर लें इन लोगों का दाल यहां नहीं करने वाला. किसी भी कीमत पर झारखंड में भाजपा की सरकार नहीं बन सकती. हमारी महागठबंधन की एकता मजबूती से काम कर रही है और अपने पूरे कार्यकाल को पूरा करेगी.
आगे विधायक ने कहा की भले ही भाजपा का यह अंदरूनी मामला होगा लेकिन मेरा मानना है की प्रतिपक्ष नेता के लायक अगर कोई है तो वह नीलकंठ सिंह मुंडा या फिर रणधीर सिंह है. भाजपा यदि मजबूती से विपक्ष में बने रहना चाहती है तो इन दोनों नेताओं में से किसी एक को नेता प्रतिपक्ष बनाए. पूर्व में झारखंड की जनता ने देखा कि किस प्रकार भाजपा वाले ने जेबीएम के 6 विधायकों को खरीदने का काम किया और फिर जेबीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी को भी नेता प्रतिपक्ष का पद का लोभ देकर भाजपा में लाने का काम किया. मैं बाबूलाल मरांडी का बहुत आदर करता हूं लेकिन सिर्फ स्वार्थ की राजनीति के लिए इतनी हद तक जा सकते थे यह मालूम नहीं था.सेक्युलर का नारा लगा कर जनता का वोट ठग लिया और फिर भाजपा के गोदी में चले गए. अगर बाबूलाल में थोड़ी भी नैतिकता बाकी है तो वह अविलंब विधायकी से इस्तीफा दे और भाजपा के टिकट से लड़कर चुनाव जीतकर दिखाएं. जनता इन्हें असली आइना दिखा देगी.
विधायक ने कहा कि जब से झारखंड में सरकार का गठन हुआ है विपक्ष का कोई भी भूमिका नजर नहीं आ रहा. यह लोग केवल अखबार ने बयान बाजी कर सुर्खियों में रहना चाहते हैं. जनता में और खासकर युवाओं में भाजपा के प्रति गलत संदेश जा रहा है. भाजपा वाले ने सभी मर्यादा को भंग कर दिया है. मेरा तो यह मानना है कि भाजपा वाले गलत आदमी पर नेता प्रतिपक्ष का दाव लगा रहे हैं. आगे विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो को दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई चलाने की भी प्रशंसा की.

