रांची: झारखंड सरकार ने यह निर्णय केंद्र सरकार के निर्णय को देखते हुए लिया है. केंद्र सरकार ने भी 31 मार्च तक अपने सभी दफ्तरों में बायोमेट्रिक प्रणाली से हाजिरी पर रोक लगा रखी है.
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने एतहितायन सरकारी विभागों में अधिकारियों, कर्मचारियों के बायोमेट्रिक अटेंडेंस पर रोक लगा दिया है. इस संबंध में कार्मिक प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी है.
यह रोक अस्थायी तौर पर और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी. सरकार ने कहा है कि इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में एहतियातन यह कदम उठाया गया है. बायोमेट्रिक हाजिरी पर रोक की अवधि के दौरान सभी सरकारी कर्मियों द्वारा पूर्व की व्यवस्था के तहत उपस्थिति पंजी में मैनुअल उपस्थिति दर्ज किया जाना अनिवार्य होगा.
गौरतलब है कि केंद्र सरकार और कई संस्थान, उपक्रमों ने कोरोना वायरस को लेकर एहतियातन बायोमेट्रिक हाजिरी पर रोक लगा दी है.
गौरतलब है कि झारखंड में कोरोना वायरस का कोई पॉजिटिव मरीज अभी तक नहीं मिला है और न ही किसी की जान गई है, लेकिन रांची समेत कई शहरों में संदिग्ध लोगों के रक्त जांच के लिए लिए गए हैं. कई अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड खोले गए हैं.

