कोडरमा:-बिहार विधानसभा चुनाव का असर बिहार से सटे कोडरमा में भी देखा जा रहा है. नवादा और गया में 28 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर कोडरमा जिला प्रशासन अलर्ट है.26 अक्टूबर को पूरे राज्य में ड्राई डे घोषित किया गया है. वहीं 28 अक्टूबर को बिहार में प्रथम चरण में होने वाले मतदान को लेकर कोडरमा-गिरिडीह जिले में भी 28 अक्टूबर तक शराब की बिक्री पर रोक लगा दी है.
बताया गया है कि मतगणना के दिन 10 नवंबर को भी कोडरमा -गिरिडीह व चतरा जिले में शराब की दुकानें बंद रहेंगी.निष्पक्ष मतदान और मतगणना को लेकर मुख्य निर्वाची पदाधिकारी व बिहार के उत्पाद सचिव के निर्देश के बाद कोडरमा डीसी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. 28 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान का समय निर्धारित है। चुनाव प्रचार थमते ही ड्राई डे भी शुरू हो जाएगा.
बताते चलें कि रजौली और नवादा सड़क मार्ग से कोडरमा की सीमा से जुड़े हैं, वहीं गझण्डी के बाद गया बिहार का सीमांकन क्षेत्र पड़ता है और झारखंड पुलिस के साथ-साथ आरपीएफ और जीआरपी भी संयुक्त रूप से अलर्ट हैं.स्टेशनों व ट्रेनों में भी गहन चेकिंग कर हथियार, नगदी और शराब की तलाश की जा रही है.
