सूर्यकांत कमल
चतरा : नए आधार कार्ड निर्माण व उसमें व्याप्त त्रुटियों की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. अब ना तो उन्हें विभिन्न सरकारी बैंकों और पोस्ट ऑफिस कार्यालय का चक्कर काटना पड़ेगा और ना ही अहले सुबह से उठकर लंबी लाइनों में घंटो खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार. उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने भारत संचार निगम लिमिटेड को आधार कार्ड निर्माण और उसके शुद्धिकरण की जिम्मेवारी सौंपी है. सरकार के इस योजना के तहत चतरा जिला मुख्यालय स्थित बीएसएनएल के एक्सचेंज कार्यालय में अब आवेदकों का नया आधार कार्ड बनाया जाएगा साथ ही उसमे व्याप्त त्रुटियों को सुधारा जाएगा. इसे लेकर एक्सचेंज कार्यालय में बीएसएनएल के महाप्रबंधक बीके झा व उपमहाप्रबंधक मनोरंजन प्रसाद ने संयुक्त रूप से आधार कार्ड केंद्र व काल सेंटर का उद्घाटन फीता काट कर किया.
उदघाटन समारोह में दूरसंचार पदाधिकारी बालगोविद पासवान व कुंदन कुमार झा समेत कार्यालय कर्मी उपस्थित थे. मौके पर महाप्रबंधक ने कहा कि इससे पहले हजारीबाग, रामगढ़, गिरीडीह में आधार कार्ड बनवाने का केंद्र खोला जा चुका है. चतरा में भी आज केंद्र खोला गया. पहले फेज में यहां एक सिस्टम दिया गया है. जरुरत पड़ने पर और भी सिस्टम लगाया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र में नए लोगों का आधार कार्ड नि:शुल्क बनाया जाएगा. जबकि त्रुटि वाले आधार कार्ड में पचास रुपये बतौर सरकारी शुल्क लेकर सुधारा जाएगा.
जीएम ने आम लोगों से केंद्र से संपर्क कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यहां देश के किसी कोने के भी लोग आकर आसानी से अपना आधार कार्ड बनवा सकते हैं. मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए जीएम ने कहा कि चतरा में जल्द ही ग्राहकों के लिए 4जी सेवा शुरु की जाएगी. उद्घाटन के मौके पर मनोज कुमार, अमित कुमार, मधु देवी, दिनेश कुमार, सत्येंद्र, राजू, महेश सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

