रांचीः मार्च में जहां चार दिन लगातार बैंक बंद होने से लोगों को कैश के लिए परेशान होना पड़ा. वहीं होली से पहले व होली के बाद 27 मार्च से 4 अप्रैल के लोग छह दिन बैंकिंग ट्रांजेक्शन नहीं कर पाएंगे. इसका मतलब इस दौरान लोग बैंक शाखा में जाकर पैसों की निकासी व जमा नहीं कर पाएंगे. हालांकि इस दौरान बीच में एक-दो दिन के लिए बैंक खुलेंगे. जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी.
दरअसल, जहां 29 मार्च को बैंकों में होली का अवकाश है. वहीं इससे पहले 27 को महीने का चौथा शनिवार व 28 को रविवार की छुट्टी के कारण बैंक बंद रहेंगे. इसके बाद 30 व 31 मार्च को दो दिन के लिए बैंक खुलेंगे. लेकिन 1 अप्रैल को वार्षिक खाताबन्दी के कारण कोई लेन देन नहीं होगा. वहीं, 2 को गुडफ्राईडे की छुट्टी रहेगी. इसके बाद 3 को दोबारा बैंक खुलेंगे. लेकिन फिर 4 अप्रैल को रविवार की छुट्टी के कारण बंद रहेंगे. ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डीएन त्रिवेदी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया की यह एक संयोगमात्र है कि मार्च के अंत और अप्रैल के शुरुआत में बैंक छह दिन बंद रहेंगे. वैसे इस अवधी में ग्राहक एटीएम और और इन्टरनेट बैकिंग कारोबार इस्तेमाल कर सकते हैं.

