-
एक ही परिवार के तीन लोग रहे हैं विधायक
रांची: बड़कागांव का ये बदनसीबी ही कहा जायेगा कि विगत 11 वर्षों बाद भी इस क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया. जबकि, यहां एक ही परिवार के लगातार विधायक रहे हैं. पहले योगेंद्र साव विधायक रहे, इसके बाद उनकी पत्नी निर्मला देवी विधायक बनीं अब वर्तमान में उनकी बेटी अंबा प्रसाद इस क्षेत्र की विधायक हैं.
इसके बावजूद यह क्षेत्र विकास आज भी विकास से कोसो दूर है. इस क्षेत्र मे खनिजों का अंबार है. यहां बड़ी-बड़ी कंपनियां काम रही हैं या काम शुरू करने वाली हैं.
आखिर क्या कारण है कि इतनी कंपनियां आने के बाद भी यहां के लोगों के सामने रोजगार और रोटी का संकट है. इस क्षेत्र में एनटीपीसी, हिंडाल्को, त्रिवेणी सैनिक जैसी कंपनियां काम कर रही हैं. जल्दे ही जेएसडब्ल्यू भी अपना काम शुरू करने वाली है.
काम शुरू होते ही बंद हो जाता है:
कुछ दिनों पहले बड़कागांव में कंपनियों का खनन का काम शुरू हुआ था, लेकिन, पिछले चार-पांच दिनों से काम बंद है. सरकार बदलते ही सियासत बदल जाती है. काम बंद होने से लगभग पांच हजार कर्मचारियों के पास रोजी-रोटी का संकट आ गया. रोज काम मांग रहे हैं लेकिन, इनकी सुनने वाला कोई नहीं है.
पूर्व विधायक योगेंद्र साव पर है मामला दर्ज:
पूर्व विधायक योगेंद्र साव पर मामला दर्ज है. 2016 में चिरूडीह गोलीकांड जिसमें चार लोगों की मौत हो गयी थी. इस मामले पर श्री साव की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था. वहीं, उनकी बेटी अंबा प्रसाद पर भी 2018 में एक मामला दर्ज हो चुका है.

