बीसीसीआई के जनवरी से अप्रैल के बीच में होने वाले सालाना केंद्री अनुबंध (BCCI central contracts) में कई दिग्गज खिलाड़ी निशाने पर हो सकते है. लेकिन इससे पहले खबर ये है कि भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे पर गाज गिर सकती है। चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे इस समय बीसीसीआई के कॉन्ट्रैक्ट में ग्रुप ए में शामिल हैं, लेकिन इनको प्रदर्शन को देखते हुए बोर्ड इन्हें डिमोट कर सकता है। वहीँ केएल राहुल और रिषभ पंत दो ऐसे भी नाम हैं, जिन्हें ए प्लस कैटेगरी में शामिल किया जा सकता है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने करार को चार भागों में बांटा है, जिसमें ए प्लस, ए, बी और सी कैटेगरी शामिल है। कैटेगरी ए प्लस में मौजूदा समय में विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह हैं, लेकिन बोर्ड चाहेगा कि इस कैटेगरी में फ्यूचर कैप्टन कहे जा रहे केएल राहुल और रिषभ पंत को शामिल किया जाए। बीसीसीआई सालाना ए प्लस कैटेगरी वाले खिलाड़ी को 7 करोड़, ए कैटेगरी वाले खिलाड़ी को 5 करोड़, बी कैटेगरी वाले खिलाड़ी को 3 करोड़ और सी कैटेगरी वाले खिलाड़ी को 1 करोड़ रुपये देती है। इसका चुनाव बोर्ड के अधिकारी, पांचों चयनकर्ता और मुख्य कोच करते हैं।
मौजूदा समय में बीसीसीआई ने 28 खिलाड़ियों के साथ करार किया हुआ है। इस पुरानी लिस्ट में ज्यादा बदलाव तो नहीं होंगे। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों का प्रमोशन और डिमोशन होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा कुछ खिलाड़ियों को इसमें जगह भी मिल सकती है। बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, “जाहिर है, रोहित, कोहली और बुमराह तीन अनिवार्य खिलाड़ी होने के नाते ए प्लस श्रेणी में होंगे, लेकिन अब राहुल और पंत धीरे-धीरे खुद को ऑल-फॉर्मेट रेगुलर के रूप में स्थापित कर रहे हैं, इसलिए यह देखना होगा कि दोनों को प्रमोशन मिलता है या नहीं।”

