कार्यालय में घुस अतिक्रमणकारियों ने की ऑन ड्यूटी पिटाई व गाली गलौज
चतरा: झारखंड के चतरा में जिले के नक्सल प्रभावित कुंदा प्रखंड के बीडीओ श्रवण राम के साथ आज मारपीट की घटना हुई है. दरअसल, सैरात की सरकारी भूमि पर मिट्टी भराव रोकने से नाराज युवकों ने कार्यालय में घुसकर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण राम के साथ मारपीट व गाली-गलौज किया है. मारपीट की घटना में बीडीओ को चोटें भी आई है. जिनका ईलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया है.
इस बाबत बीडीओ ने कुंदा थाना में लिखित आवेदन देकर मारपीट करने वाले दोनों युवकों के विरुद्ध ऑन ड्यूटी अधिकारी के साथ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा व दुर्व्यवहार का प्राथमिकी दर्ज कराया है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद युवकों के धर पकड़ को ले पुलिस छापेमारी अभियान चलाने में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, कुंदा प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित विवादित सैरात की सरकारी भूमि पर कुछ स्थानीय युवकों के द्वारा ट्रैक्टर से मिट्टी भराव का काम कराया जा रहा था. जिसकी सूचना पर बीडीओ अपनी कर्मियों के साथ काम रोकवाने पहुंचे थे. यहां काम रोकने पर काम करा रहे युवक बीडीओ पर भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. जिसके बाद बीडीओ कार्यालय लौट गए. उसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ. आक्रोशित युवक कार्यालय में पहुंच गए और बीडीओ की पिटाई कर दी.
बीडीओ के अनुसार, कार्यालय के समीप स्थित सैरात के 7 एकड़ 82 डिसमिस जमीन पर पूर्व से विवाद चलता आ रहा है. इस बाबत अंचल कार्यालय में अतिक्रमण बाद भी चल रहा है. बावजूद युवकों के द्वारा विवादित भूमि पर मिट्टी भराव का काम कराया जा रहा था. जिसकी सूचना मिलने के बाद वे कार्यालय कर्मियों के साथ उसे रुकवाने पहुंचे थे. इधर एफआईआर दर्ज होते ही दोनों आरोपी फरार हो गए हैं.

