मुख्यमंत्री ने स्वयं साईकिल चलाकर अभियान की शुरुआत की
रांची: झारखंड सरकार द्वारा देश के आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित “आजादी का अमृत महोत्सव“ के अवसर पर आयोजित साइकिल रैली का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं साइकिल चलाकर की.
इधर, राज्य में अमृत महोत्सव समारोह पर आयोजित पांच दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है. इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू करेंगी. प्रदर्शनी का आयोजन आज से 16 मार्च तक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के रीजनल आउटरीच ब्यूरो, रांची द्वारा खूंटी जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है. इसमें झारखंड के जननायक स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के जिला मुख्यालय अवस्थित टाउन हॉल में देश और झारखंड राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों के विवरण सहित चित्र प्रदर्शनी शामिल है. प्रदर्शनी के साथ पांचों दिन विभाग के सांस्कृतिक दलों द्वारा गीत एवं नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी. राज्यपाल के अलावा इस समारोह में पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद कड़िया मुंडा और खूंटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा भी शिरकत करेंगे. वहीं राज्य सरकार द्वारा रांची के आड्रे हाउस में प्रदर्शनी सह पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. इसके अलावा साइकिल रैली भी आयोजित की गई है. झारखंड के साथ-साथ आज देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी रैलियों, प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

