उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले में गरबा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. गुरुवार रात यहां गरबा देख रहे बच्चों पर अचानक एक चट्टान गिर गया. इस हादसे में तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई. इनमें से दो बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य की अस्पताल में मौत हो गई. हादसे में तीन अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं. हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को स्थानीय अस्पताल में रखवाया.
जानकारी के अनुसार यह हादसा सराड़ा थाना क्षेत्र के मांडवा गांव में हुआ. गुरुवार रात ग्रामीण नालुआ माता के मंदिर के पास गरबा देखने पहुंचे थे. गरबा देखने के लिए आसपास के इलाके से लोगों की भीड़ जुटी थी. इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ से 10 बजे के बीच अचानक वहां स्थित पहाड़ी से चट्टान गिर गई. जिससे उसके नीचे खड़े आधा दर्जन बच्चे दब गए. चट्टान गिरते ही वहां हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद पहले ग्रामीणों ने हाथों से मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन जब वो नाकाम रहे तो जेसीबी मशीन को बुलाया गया और मलबा हटाया जा सका. मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी थी. वहीं चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर सराड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. जहां एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया. मृतक बच्चियों के नाम- 12 साल की नर्बदा, 11 वर्षीय गीता और 9 साल की सपना हैं.
बता दें कि नवरात्र के दौरान पूरे राजस्थान में गरबा का आयोजन किया जाता है. इन आयोजनों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है. लेकिन कई जगह सुरक्षा व्यवस्था के समुचित प्रबंध नहीं होने से हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है.

