-
हरमू, हटिया, धुर्वा और तुपुदाना क्षेत्र के लोगों पर दर्ज किया गया एफ आई आर
-
आगे भी जारी रहेगा जिला प्रशासन का सख्त रवैया
-
होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटेगा जिला प्रशासन
रांची: होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वालों पर रांची जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. तीन दर्जन लोगों के खिलाफ होम क्वारंटाइन का अनुपालन नहीं करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
36 लोगों पर दर्ज किया गया एफआईआर
दूसरे राज्य से झारखंड या रांची शहर में प्रवेश करने के बाद कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए 14 दिनों के होम क्वारंटाइन पर रहने का निर्देश का अनुपालन नहीं करने पर 36 लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज किया गया है. यह सभी लोग तुपुदाना, अरगोड़ा, धुर्वा और जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
आपको बता दें कि उपायुक्त रांची सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर दूसरे राज्य से रांची शहर में प्रवेश करने वाले लोगों के होम क्वारंटाइन में रहने की जांच की जा रही है.
जिला प्रशासन की टीम बाहर से आए लोगों के द्वारा दिए गए पते पर जाकर उनके होम क्वारंटाइन में रहने की जांच कर रही है. जिला प्रशासन की टीम जब इन लोगों के घरों पर जांच करने पहुंची तो सभी अपने-अपने घरों से बाहर पाए गए, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था अखिलेश सिन्हा ने इन सब के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराया है.
आगे भी जारी रहेगा जिला प्रशासन का सख्त रवैया
होम क्वारंटाइन का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ रांची जिला प्रशासन का सख्त रवैया आगे भी जारी रहेगा. जो लोग होम क्वारंटाइन का उल्लंघन कर रहे हैं उनके खिलाफ कड़ाई से जिला प्रशासन निपटेगा.

