रांची: भाजपा में शामिल होने आये झामुमो नेता और ऑक्सफोर्ड स्कूल के मालिक शशि भूषण मेहता के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही मारपीट हुई. गुरूवार को तय कार्यक्रम के अनुसार शशि भूषण मेहता अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने हरमू के पार्टी दफ्तर पहुंचे. पहले से ही यहां पर विरोध कर रहे सुचित्रा मिश्रा के बेटे आशुतोष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, ललिता पांडे भी जमे हुए थे. इन लोगों ने मंच पर आकर हंगामा किया और भाजपा और शशि भूषण मेहता के समर्थकों के साथ जमकर हाथापाई की.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान अभिषेक मिश्रा और आशुतोष मिश्रा को मेहता के कई समर्थकों ने मंच से नीचे फेंक दिया. इससे दोनों को चोट आई है. यहां यह बताते चलें कि शशि भूषण मेहता के पार्टी में शामिल होने के हंगामे को लेकर पुलिस और प्रदेश स्तर के नेताओं को पहले से ही जानकारी थी.

