दिल्ली: ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ( Amazon ) ने 1 लाख लोगों की नियुक्ति करने की घोषणा की है. दरअसल अप्रैल-जून के दौरान कंपनी ने रिकॉर्ड मुनाफा दर्ज किया. इसकी वजह थी ऑनलाइन कारोबार में तेज बढ़ोतरी होना.
कोरोना वायरस महामारी के दौर में लोग किराने का सामान भी ऑनलाइन मंगवाना पसंद कर रहे हैं जिसके चलते ऑनलाइन कंपनियों की बिक्री बढ़ी है खासकर अमेजन की. अपने ऑर्डरों की पूर्ति करने के लिए अमेजन ने इस साल करीब 1.75 लाख लोगों की नियुक्ति करने की घोषणा की थी. लेकिन ताजा घोषणा में कंपनी ने 1 लाख नियुक्तियों का फैसला किया है.
अमेजन के मुताबिक, जो नई नियुक्तियां की जाएंगी वो स्थाई और अस्थाई दोनों तरह के पदों के लिए होंगी. जिसमें ऑर्डर की पैकिंग, डिलिवरी करने व उन्हें छांटने जैसे काम शामिल होंगे. कंपनी ने साफ कर दिया है कि ये सभी नियुक्तियां छुट्टियों में की जाने वाली भर्तियों की तरह नहीं होंगी. दरअसल अमेजन लंबी छुट्टियों के दौरान कई बार तात्कालिक वैकेंसी निकालती रहती है.

