किशनगंज: जिला मुख्यालय में फर्जी सामाजिक संस्था की आड़ में ठगी का धंधा महीनों से चल रहा था. कोचाधामन विधायक मुजाहिद आलम ने छापेमारी कर इस धंधे का खुलासा किया है. मुजफ्फरपुर की माया मेमोरियल फाउंडेशन के नाम से संस्था बनाकर जिले के लोगों को चूना लगाने का काम लंबे समय से चल रहा था. ये लोग पंचायतों में शिक्षक बहाली के नाम पर लोगों को जाल में फंसाते थे और हजारों रुपए ऐंठ कर चंपत हो जाते थे.
दिलचस्प बात यह है कि किशनगंज नगर के उत्तर पाली एरिया के रहमानी कॉलोनी में बाजाप्ता ऑफिस बनाकर यह काम कर रहा था. जिसकी सूचना जेडीयू विधायक को लगी और उन्होंने संस्था के कार्यालय पर धावा बोल दिया.
इस दौरान जो खुलासे हुए वो बेहद चौंकाने वाले हैं. ठगी के शिकार होने वालों ने बताया है कि नौकरी देने का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाया जाता था और हजारों रुपए ऐंठ कर फरार हो जाते थे. इस दौरान किसी को नौकरी नहीं मिलती थी. विधायक कोचाधामन ने इस मामले की सूचना पुलिस कप्तान और शिक्षा विभाग को दे दी है जो अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहे हैं.

