नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने मोती नगर इलाके से फर्जी कॉल सेंटर चलाकर विदेशियों से ठगी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. ये कॉल सेंटर खुद को जांच एजेसिंयों के अफ़सर बताते थे और ठगी को अंजाम देते थे.
सभी लोग विदेशी नागरिकों, जिनमें यूएस और दूसरे देशों के लोगो को लीगल केस में फंसाने की धमकी देते थे और बिटकॉइन व गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे मंगवाते थे. इन 54 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ फर्जी कॉल सेंटर से 89 डेस्कटॉप और सर्वर बरामद किया गया है.
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वो अपनी इसी कहानी के जरिए अब तक करीब 4000 लोगो को चूना लगा चुके है. ठगी के जरिये ये अभी तक 80 से 90 करोड़ रुपए की चपत विदेशियों को लगा चुके है.
ये लोग विदेशी नागरिकों को कहते थे कि उनका सोशल सिक्योरिटी नम्बर क्रिमिनल एक्टिविटी से जुड़ा है और उनके साथियों के बैंक अकाउंट्स से लिंक मिले है, इस वजह से इनकी गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल इन सभी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है.

