मृतका के पति ने ही दिया था घटना को अंजाम
चतरा:- चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के जंगल से 2 दिन पूर्व मिले मीनाक्षी देवी हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस जांच में मिले साक्ष्यों के अनुसार मीनाक्षी के दहेज लोभी पति आकाश भारद्वाज ने ही उसकी हत्या कर साक्ष्य को छुपाने की नियत से शव को जंगल में फेंका था. इतना ही नहीं किसी को उस पर शक ना हो इस नियत से पत्नी की हत्या करने के बाद पति झारखंड छोड़कर फरार हो गया.
एसपी ऋषभ झा ने आज बताया कि जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्यारा पति आकाश भारद्वाज की गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी का गठन किया गया है. एसआईटी में शामिल अधिकारी और जवान झारखंड के अलावे बिहार समेत अलग-अलग राज्यों में लगातार अंतर्राज्यीय अभियान चला रहे हैं. एसपी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के आसानी खुर्द गांव निवासी मृतिका मीनाक्षी ने अपने पति के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था. इसे लेकर जहां पुलिस मामले की जांच कर रही थी वहीं दूसरी ओर न्यायालय में लगातार काउंसलिंग भी चल रहा था.
इसी बीच आकाश ने अपनी पत्नी को फोन कर मामले का सुलह करने के लिए हजारीबाग मिलने बुलाया और योजनाबद्ध तरीके से गला काटकर उसकी हत्या करते हुए उसके शव को जंगल में फेंक दिया था. हालांकि इस बाबत मृतिका के पिता ने भी मीनाक्षी के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी. एसपी ने कहा है कि पत्नी की हत्या कर फरार पति आकाश भारद्वाज को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उसके बाद हत्याकांड के अनसुलझे पहलुओं से पर्दा पूरी तरह उठ जाएगा.

