नई दिल्ली: प्रवर्तन_निदेशालय (ईडी) ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की 16.38 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग केस के तहत की गई है. जब्त की गई संपत्ति में एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड की मुंबई स्थित एक 9 मंजिला इमारत है, इसमें दो बेसमेंट जब्त किए गए हैं.
मोतीलाल वोरा के खिलाफ कुर्की का आदेश
कुर्की का आदेश एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड और कांग्रेस नेता मोती लाल वोरा के खिलाफ जारी हुआ था. वोरा एजेएल के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
नेशनल हेराल्ड अखबार की स्थापना 1938 में जवाहरलाल नेहरू ने की थी. उस समय से यह अखबार कांग्रेस का मुखपत्र माना जाता रहा. अखबार का मालिकाना हक एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड यानी ‘एजेएल’ के पास था. आजादी के बाद 1956 में एसोसिएटेड जर्नल को अव्यावसायिक कंपनी के रूप में स्थापित किया गया. वर्ष 2008 में ‘एजेएल’ के सभी प्रकाशनों को निलंबित कर दिया गया और कंपनी पर 90 करोड़ रुपए का कर्ज भी चढ़ गया. कांग्रेस नेतृत्व ने यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की एक नई अव्यावसायिक कंपनी बनाई जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित मोतीलाल वोरा, सुमन दुबे, ऑस्कर फर्नांडिस और सैम पित्रोदा को निदेशक बनाया गया. नई कंपनी में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पास 76 प्रतिशत शेयर थे जबकि बाकी के 24 प्रतिशत शेयर अन्य निदेशकों के पास थे.

