जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में हो रही लगातार चोरी और छिनतई करने वाले गिरोह का उदभेदन करते हुए पुलिस ने आठ अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने गिरोह के गिरफ्तार 8 सदस्यों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इनके पास से 17 मोबाइल भी बरामद किये गये हैं.
सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि साकची पुलिस को सूचना मिली थी साकची में मोबाइल झपटा मार गिरोह शहर में सक्रिय है. इस बीच पुलिस गश्ती पार्टी बाजार में एक मोबाइल चोरी करके भाग रहे गिरोह के सरगना सागर कुमार शर्मा को साकची शीतला मंदिर के पास से खदेड़ कर पकड़ा.
वहीं जांच के दौरान सागर शर्मा की निशानदेही पर गुरुवार को बाइक पर उसके दोस्त संतोष ठाकुर को पुलिस गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने इन दोनों की निशानदेही पर उनके गिरोह के अन्य सदस्य को मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है. सागर शर्मा पहले भी कई घटनाओं में जेल जा चुका है .

