पटना: चाहे विधानसभा का चुनाव हो या पंचायत चुनाव, बिहार में होने वाले चुनाव हमेशा से ही धन और बाहुबल का अड्डा रहे हैं. हर बार चुनाव के दौरान ऐसे मामले सामने आते रहते हैं. पहले चरण के चुनाव से ठीक पहले एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भाजपा नेता नोटों की गड्डी लेकर फूहड़ नाच कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा का एक कथित नेता और उसके समर्थक हाथों में नोटों की गड्डियां लिए हुए हैं. साथ ही वह फूहड़ किस्म का नाच कर रहे हैं. बताया गया है कि यह वीडियो राज्य के भोजपुर जिले बड़हरा थाना अंतर्गत किसी गांव का है.
हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन ये वीडियो सोशल मीडिया साइट्स पर तेजी से साझा किया जा रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा का रिबन पहने हुए एक व्यक्ति नाच रहा है. इस वीडियो की अवधि 19 सेकंड है.
वीडियो में यह साफ सुनाई दे रहा है कि बड़हरा से विधानसभा प्रत्याशी राघवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं. ऐसे में लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा हो रही है कि यह वीडियो सिंह के समर्थक का हो सकता है.
बिहार में 28 अक्तूबर से विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं. पहले चरण में 71 सीटों पर मतदान होना है. दूसरे चरण के लिए तीन नवंबर को मतदान किए जाएंगे. वहीं, सात नवंबर को तीसरे और आखिरी चरण के लिए वोटिंग होगी. चुनाव के नतीजों का एलान 10 नवंबर को किया जाएगा.
कोरोना पीड़ित डाल सकेंगे वोट
मतदान के समय कोरोना पीड़ित वोट डाल सकेंगे. इसके लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी. डिजिटल तरीके से ही प्रचार किया जाएगा और हर पोलिंग बूथ पर साबुन, हैंड सैनिटाइजर जैसी चीजों की व्यवस्था की जाएगी.
मास्क, सैनिटाइजर और पीपीई किट का इस्तेमाल
बिहार में कुल 243 सीटों पर चुनाव लड़ा जाना है. राज्य में 29 नवंंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो जाएगा. कोरोना को ध्यान में रखते हुए पोलिंग बूथ की संख्या और मैनपावर को बढ़ाया गया है. चुनाव के दौरान छह लाख पीपीई किट का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके अलावा 46 लाख मास्क, सात लाख हैंड सैनिटाइजर और छह लाख फेस शील्ड का इस्तेमाल किया जाएगा.

