ब्यूरो चीफ,
रांची : बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार शनिवार सात सितंबर को रांची आयेंगे. अपने एक दिवसीय रांची दौरे के क्रम में वे जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. जदयू ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गंठबंधन (राजग) से अलग होकर राज्य के सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. इसका बिगुल कल रांची से फूंका जायेगा. कार्यकर्ताओं में बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी नीतिश मॉडल लागू करने के नारे के साथ जोश भरा जायेगा. कार्यकर्ता औऱ पार्टी के पदधारी इसके लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं और पसीना बहा रहे हैं. इधर कल के सम्मेलन को लेकर बिहार के समाज कल्याण मंत्री रामसेवक कुशवाहा ने कहा कि झारखंड में भाजपा और झामुमो ने बारी-बारी से सत्ता की बागडोर थामी, पर झारखंड के मूलवासियों और आदिवासियों का विकास नहीं हो पाया. जदयू चुनाव में नीतिश मॉडल यानी सुशासन, न्याय के साथ विकास, महिला सशक्तिकरण, शराबबंदी और जन कल्याण के नारे को और बुलंद करेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड में पार्टी 73 प्रतिशत संयुक्त आरक्षण का नारा भी देगी. उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे और अन्य फारमुले पर अभी विचार चल रहा है. पार्टी के सभी पदधारियों को चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया गया है.
एक बजे रांची पहुंचेंगे नीतिश
बिहार के सीएम नीतिश कुमार कल दोपहर एक बजे रांची पहुंचेंगे. रांची पहुंचने के बाद उनका सीधा कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल जाने का कार्यक्रम है. बाद में वे कार्यकर्ताओं औऱ पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठक भी करेंगे. कल के कार्यक्रम को लेकर बिहार सरकार के अन्य मंत्री, झारखंड प्रदेश जदयू के अध्यक्ष सालखन मुरमू, संजय सहाय, प्रवीण सिंह, कृष्णानंद मिश्र, भगवान सिंह, आश्रिता कुजूर, पूर्व विधायक सुधा चौधरी सरीखे नेता भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

