बिहार की जनता पिछले 15 वर्षों के कुशासन से अब है पूरी तरह त्रस्त, चाहती है बदलाव
चतरा: चतरा के राजद विधायक सह झारखंड सरकार के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने बिहार विधानसभा चुनाव पर बयान देते हुए कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है और पिछले 15 वर्षों के कुशासन से पूरी तरह त्रस्त है.
उन्होंने कहा कि वह लोग अब बदलाव चाहते हैं. अतः बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी. दरअसल चतरा के सिमरिया कॉलेज में आयोजित एक सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे सूबे के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री कल शाम पत्रकारों से बात कर रहे थे.
वहीं इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती रघुवर सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला और केंद्र सरकार के किसान बिल का विरोध जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों और किसानों के हित में नहीं बल्कि पूंजीपतियों और औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है.
उन्होंने केंद्र सरकार पर हमलावर अंदाज में कहा कि भाजपा और उसके मंत्री अमीरों को कैसे फायदा पहुंचे इस पर ध्यान दे रहे हैं. उनका दिन रात मेहनत कर देश को अनाज देने वाले किसानों और गरीब परिवारों के कल्याण की दिशा में अब तक कोई नजर नहीं पड़ी है.
सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि झारखंड में सत्ता पर काबिज रहने वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोमेंटम झारखंड के नाम पर गरीबों का पैसा पानी में बहा दिया था.
उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार ने राज्य को विकास की दिशा में ले जाने के बजाय हाथी उड़ाने पर विश्वास रखा, इसका परिणाम है कि आज राज्य का खजाना खाली है.

