रोजगार दो डिजिटल रैली से सीधे जुड़े 10 लाख लोग
बिहार युवा कांग्रेस ने किया युवा विरोधी नीतीश-मोदी सरकार के खिलाफ एलान ए जंग
बिहार: 5 सितंबर 2020 को बिहार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल की अध्यक्षता में सदाकत आश्रम, पटना में रोजगार दो डिजिटल रैली का आयोजन किया एवं बेरोजगारी रजिस्ट्रेशन अभियान की शुरुआत की. कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता रामदेव राय को श्रद्धासुमन अर्पित कर की.
इस मौके पर अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक बिहारी युवाओं को उनका हक नहीं मिल जाता, युवा कांग्रेस के साथी लाठी और गोली खाने से भी पीछे नहीं हटेंगे. वहीं उन्होंने नीतीश कुमार को बिहार का सबसे बड़ा डिजास्टर बताया और आगामी चुनाव में युवा विरोधी नीतीश मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया.
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अलावरु ने डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की नीतियों के कारण देश में 12 करोड़ लोग बेरोजगार हो चुके हैं. नोटबंदी, गलत जीएसटी और लॉकडाउन की वजह से मोदी सरकार ने बिहार के साथ साथ देश के युवाओं की भी कमर तोड़ दी है.
बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने युवाओं के हक एवं अधिकार की लड़ाई लड़ते-लड़ते जेल जाने वाले बिहार युवा कांग्रेस के साथियों का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि नीतीश और मोदी सरकार ने मिलकर बिहार के युवाओं का रोजगार खा लिया है. बोले बिहार बदलें सरकार अब बिहार की जनता की आवाज़ बन चुकी है. अब बिहार में बदलाव निश्चित है.
बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने रैली को संबोधित करते हुए बिहार युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गुंजन पटेल एवं अन्य युवा साथियों का रोजगार दो मुहिम को शुरू करने के लिए आभार जताया. बिहार में बेरोजगारों की संख्या सबसे अधिक है. तो वहीं ऊपर से कोरोना और बाढ़ की मार ने स्थिति को और ही बदतर बना दिया है. उन्होंने बिहार के सभी युवा साथियों से अधिक से अधिक बेरोजगारी रजिस्ट्रेशन में भाग लेने की अपील की.
वहीं इस मौके पर गुंजन पटेल ने बताया कि बिहार युवा कांग्रेस के रोजगार दो डिजिटल रैली से लगभग 10 लाख लोग जुड़े और इसका लाइव प्रसारण देखा. वहीं हर जिले में टीवी स्क्रीन के माध्यम से स्वतःस्फूर्त जुटान हुआ. यहां तक कि गांवों में भी लोग मोबाइल से दालान एवं खेतों में रोजगार दो रैली से जुड़ते हुए नजर आए. उन्होंने बताया कि यह महज कोई एक चुनावी रैली नहीं थी. यह बिहारी युवाओं का युवा विरोधी सरकार के खिलाफ एलान ए जंग है. हमारा संघर्ष जारी रहेगा और नीतीश सरकार जब तक 5 लाख रिक्त पदों पर भर्ती नहीं कर देती, हम लाठी-गोली खाने से भी नहीं डरेंगे. साथ ही साथ कल से बिहार के हर विधानसभा में बेरोजगारी रजिस्ट्रेशन अभियान की शुरुआत की जाएगी. इससे बिहारी युवा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जुड़ सकेंगे.
इस रैली में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव, बिहार युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित यादव राजेश सिन्हा बिहार के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुन्दर सिंह धीरज , प्रेमचंद मिश्रा, विधायक आंनद शंकर , विधायक अमित कुमार टुन्ना कांग्रेस के युवा कोंग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष दौलत इमाम, उपाध्यक्ष मंजीत आंनद साहू, नीरज कसेरा एवम् कुमार रोहित आदि अन्य ज़िला अध्यक्ष एवम् महासचिव उपस्थित रहे.

