पटना: केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में बिहार के विपक्षी दल भी आंदोलन कर रहे हैं. इसी क्रम में RJD नेता तेजस्वी यादव ने बीते दिनों महागठबंधन के सभी दलों के नेताओं के साथ पटना के गांधी मैदान में प्रदर्शन किया. लेकिन राज्य सरकार ने COVID-19 को लेकर लागू दिशा-निर्देशों के तहत प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी. साथ ही विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिसके बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई है.
पटना में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद विरोधी दल के नेताओं पर एफआईआर को लेकर तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को चुनौती दी है. तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘डरपोक और बंधक मुख्यमंत्री की अगुवाई में चल रही बिहार की कायर और निक्कमी सरकार ने किसानों के पक्ष में आवाज उठाने के जुर्म में हम पर FIR दर्ज की है. दम है तो गिरफ़्तार करो, अगर नहीं करोगे तो इंतज़ार बाद स्वयं गिरफ़्तारी दूंगा. किसानों के लिए FIR क्या अगर फांसी भी देना है तो दे दीजिए.’

