रांची:- रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़-बोकारो मेन रोड के चक्रवाली गांव के पास आज सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. युवक कसमार की ओर अपने ससुराल जा रहा था और इसी दौरान यह दुर्घटना हुई. युवक एक गाड़ी को तेज रफ्तार में ओवरटेक कर रहा था. तभी सामने से आ रही टाटा सूमो विक्टा से उसकी टक्कर हो गई और युवक की मौके पर जान चली गई. युवक की पहचान हजारीबाग के चरही स्थित जरवा बस्ती निवासी रतन साव (22) के रूप में की गई. रतन सुबह बाइक से अपने ससुराल जाने के लिए निकला था. जैसे ही वो रामगढ़-बोकारो मेन रोड के चक्रवाली गांव के पास पहुंचा, यह हादसा हो गया. बाइक टाटा सूमो में फंस गई, जिससे ड्राइवर गाड़ी को लेकर भाग नहीं सका. घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है.

