दिल्ली: कोरोना संक्रमण के बीच देश में बर्ड फ्लू की दस्तक से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने बड़े स्तर पर प्लान बनाया है. केन्द्रीय मतस्य एवं पशुपालन राज्य मंत्री संजीव बालियान ने टीवी 9 भारतवर्ष से बातचीत में बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में इसे लेकर एक कंट्रोल रूम बनाया है और सभी राज्यों के सम्पर्क में है. राहत की बात यह है कि देश में कहीं से भी बर्ड फ्लू की वजह से संक्रमण अभी तक किसी भी इंसान में नहीं आया है.
संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार दो तरह की तैयारियों में जुटी है. एक ऐसे राज्य जहां बर्ड फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं. दूसरे ऐसे राज्य जहां ऐसे मामले सामने तो नहीं है लेकिन बिमारी के फैलाव की आशंका है. सबसे पहले जिन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले आए हैं वहां पॉल्ट्री फार्म को चिन्हित किया जा रहा है और इससे संबंधित कदम उठाए जा रहे हैं. इस संबंध में प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट राज्य सरकारों से केन्द्र सरकार को भेजन के लिए कहा गया है.
राज्य सरकारों के लिए केंद्र सरकार ने इमरजेंसी नंबरर भी जारी किया है, जिसमें यदि किसी राज्य में बड़ी तेजी से बीमारी के फैलता हुआ दिख रहा हो तो वहां के लिए क्या एहतिहातन कदम उठाए जाएं. साथ ही संबंधित राज्य जहां बीमारी फैल रही है उसकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और तकनीकि सपोर्ट के लिए केंद्र सरकार तैयार है.

