रांची: भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है और इसे लेकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन भेजा है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्यपाल को भेजे गये ज्ञापन में बताया गया है कि आज पूरा देश कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के खिलाफ संघर्ष कर रहा है. गरीब ,मजदूर,किसान भूखे पेट सो कर भी लॉक डाउन में सरकार के निर्देशों का पालन कर रहे है. परंतु इस कोरोना संकट के बीच हेमंत सरकार के असंवैधानिक और तुष्टिकरण से भरे निर्णयों ने न सिर्फ कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर किया है बल्कि प्रदेश के गरीबों,मजदूरों को आहत किया है. प्रदेश भाजपा आपका ऐसे निर्णयों की ओर आपका ध्यान आकृष्ट कराना चाहती है.
भाजपा नेताओं ने बताया कि विगत 25 अप्रैल 2020 को जमशेदपुर के कदमा थानांतर्गत एक फल विक्रेता राजकुमार पिता स्व डोमन पासवान को उच्चस्तरीय निर्देश पर स्थानीय पुलिस केस दर्ज करते हुए इसलिये परेशान करती है कि उसने अपने फल के ठेले पर हिन्दू फल दुकान का बैनर लगा रखा था.
इस मुद्दे पर तीव्र विरोध के बाद उसके केस उन्हीं पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा वापस किये गए है परंतु वह फल विक्रेता फ़ोन पर जान से मारने की धमकी से चिंतित और परेशान है. उसे विदेशों से भी धमकी भरे कॉल,और मैसेज मिल रहे हैं. भाजपा नेताओं ने कहा कि एक तरफ एक फल विक्रेता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए गुहार लगा रहा है वही सत्ता से जुड़े छुटभैया नेता सुरक्षा गार्ड लेकर घूम रहे.

