नई दिल्ली:- असम में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल के चुनाव में बीजेपी
के खाते में एक बार फिर सीट आई है. 40 सदस्यों वाली बीटीसी में से 9 सीटें बीजेपी के खाते में गई हैं. आम जनता से मिले इस समर्थन के बाद पार्टी यहां पर अपने सहयोगी दलों यूपीपीएल और जीएस के साथ मिलकर नए बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल का गठन करने जा रही है.
पूर्वोत्तर राज्यों में बीजेपी को ऐसा समर्थन मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने खुशी जाहिर की है. रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, एनडीए पूर्वोत्तर के लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है.मैं हमारे सहयोगी यूपीपीएल और भाजपा असम को असम बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) चुनाव में बहुमत हासिल करने के लिए बधाई देता हूं.अमित शाह ने भी कहा जनता को शुक्रिया
BTC चुनाव में शानदार जीत हासिल करने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है. शाह ने कहा कि,’ चुनाव में जीत हासिल करने पर मैं अपने UPPL के सहयोगियों, सीएम सर्बानंद सोनोवाल, मंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम की सभी जनता को बधाई देता हूं.’
बीजेपी के खाते में गईं 9 सीटें
चुनाव आयोग की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक 40 सदस्यीय Bodoland Territorial Council (BTC) में BPF को 17, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) को 12 और बीजेपी (BJP) को 9 सीटें हासिल हुई. जबकि कांग्रेस और निर्दलीय को एक-एक सीट प्राप्त हुई.
बीजेपी और यूपीपीएल करेंगे गठबंधन
बीपीएफ और बीजेपी राज्य सरकार में तो सहयोगी दल हैं लेकिन इस चुनाव में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही थीं और चुनाव प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर हमलावर भी रही थीं. बीजेपी और यूपीपीएल ने औपचारिक तौर पर तो गठबंधन की घोषणा नहीं की है लेकिन दोनों ने ही स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने पर चुनाव परिणाम बाद गठबंधन के संकेत दिए थे.

