रांची : राज्यसभा चुनाव को लेकर समर्थन हासिल करने की कोशिश करने के क्रम में मंगलवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद भाजपा दबाव में आ गयी है। भाजपा की ओर से पूर्व में यह सूचना दी गयी थी कि 17 जून को पार्टी विधायक दल की बैठक होगी। परंतु मंगलवार को प्रदेश भाजपा की ओर से यह सूचना दी गयी कि 17 जून को भाजपा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा के सभी विधायकों के अलावा आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश कुमार महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और विधायक लंबोदर महतो भी शामिल होंगे.
एनडीए विधायक दल की बैठक में विशेष रूप से भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम सांसद ओमप्रकाश माथुर और राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह भी पर उपस्थित रहने की संभावना है। बताया गया है कि दोनों नेता विशेष विमान से कल दिल्ली पहुंचेंगे और राज्यसभा चुनाव संपन्न होने तक रांची में ही मौजूद रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा चुनाव के प्रत्याशी दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में ही होगी।
इधर, राज्यसभा चुनाव को लेकर यूपीए विधायकों की भी बैठक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और कांग्रेस पर्यवेक्षक पीएन पुनिया के भी रांची पहुंचने की संभावना है। हालांकि पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि लॉकडाउन से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण अब तक प्रदेश प्रभारी के रांची आने का अंतिम कार्यक्रम नहीं बन पाया है, लेकिन दोनों ही नेता दिल्ली से ही सारी स्थितियों पर मॉनिटरिंग कर रहे है.

