रांची:- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने भाजपा विधायक रणवीर सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कृषि के तीन काले कानून थोपकर देशभर के किसानों को जिन्दगी और मौत से जूझने के लिए ठंढ़ में सड़कों पर आन्दोलन को विवश कराने वाली एवं पिछले पांच वर्षों में किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली भाजपा को किसानों के लिए घड़ियाली आंसू बहाते लज्जा भी नहीं आती है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दूबे ने कहा हेमंत सोरेन की सरकार ने ऐसी योजनाओं को बंद किया है जिससे सीधे तौर पर कंपनी को लाभ दिया जा रहा था,हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को बंद करने का काम किया है उसकी एकमात्र वजह यह है कि रणधीर सिंह के कार्यकाल में इंटरनल सेटिंग के माध्यम से किसानों को मात्र 80 करोड़ का भुगतान किया गया जबकि बीमा कंपनियों को 3 वर्षों में 494 करोड़ का भुगतान किया गया, उन्हे जवाब देना चाहिए कि यह कहां तक उचित है कि आम जनता की जगह कंपनियों को 494 करोड़ों रुपए का लाभ पहुंचा रहे हैं. बादल पत्रलेख ने शपथ लेते ही किसानों के लिए सोचा है ना कि वीमा कंपनी के लिए.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा जहां तक मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना की बात है इस योजना के तहत पूरे 5 साल के कार्यकाल में पूर्व कृषि मंत्री ने मात्र 900 करोड रुपये किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया जबकि हमारी सरकार ने ऋण माफी के तौर पर अपने पहले ही वर्ष में 2000 करोड रुपए के ऋण माफी को धरातल पर उतारने का काम किया है,प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत रघुवर जी के शासनकाल में मात्र 16 लाख किसान पंजीकृत थे जबकि हमारी सरकार ने एक वर्ष में 16 लाख से बढ़ाकर किसानों का आंकड़ा बढ़ाकर 32 लाख तक पहुंचा दिया गया है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डा राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि पूरे देश भर के किसान ठिठुरते सर्दियों में आंदोलन करने को विवश है,महिलाएं खेतों में धान काट रहे हैं और भाजपा नेता यहां अनर्गल बयानबाजी कर किसानों के शुभचिंतक बनने की कोशिश कर रहे हैं,पिछले 5 वर्षों में प्रदेश में लगभग 27 किसानों ने आत्महत्या की और नकारे जाने के बाद अपनी नाकामियों का बखान कर रहे हैं,हिम्मत है तो जाएं दिल्ली के बॉर्डर पर और किसानों के आंदोलन में साथ दें और प्रधानमंत्री को विवश करें काला कानून वापस लेने के लिए.

