रांची: प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी ने गरीबों, मजदूरों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है. एक तरफ महामारी से बचने की विवशता है. वहीं आर्थिक, पारिवारिक संकट ने उन्हें गांव घर की ओर लौटने को मजबूर भी किया है.
यद्यपि सरकार ने परिस्थितियों की गभीरता को समझते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की है, परंतु बावजूद इसके हजारों लोग परिवार बच्चों के साथ पैदल ही सैकड़ों मील की यात्रा पर निकल पड़े हैं. ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने ऐसे मजदूरों, गरीबों, जरूरतमंदों को उनकी यात्रा मार्ग के साथ क्वारंटीन सेंटर में सुबिधा उपलब्ध कराने का प्रयास प्रारंभ किया है.
इसी दृष्टि से राज मार्ग रिलीफ कमिटी एवं क्वारंटीन सेंटर रिलीफ कमिटी का गठन कर उसके माध्यम से प्रदेश में पार्टी के सेवा कार्य का विस्तार किया है.
सिंह ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता राजमार्ग पर अपने घरों की ओर लौट रहे कार्यकर्ताओं को भोजन पैकेट, चूड़ा गुड़ सत्तू पीने का पानी उपलब्ध कराएंगे.
साथ ही पार्टी ने निर्णय लिया है कि जिन मजदूरों, गरीबों के पैरों में चप्पल जूते नहीं है उन्हें चप्पल भी उपलब्ध कराया जाएगा. रास्ते में किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर उनके उपचार, एम्बुलेंस आदि की चिंता भी राजमार्ग रिलीफ कमिटी के कार्यकर्ता करेंगे. साथ ही छोटी दूरी केलिये कार्यकर्ता जरूरत मंद मजदूरों को आवश्यकता नुसार वाहन की सुविधा भी उपलब्ध कराएंगे.
क्वारंटीन सेंटर रिलीफ कमिटी के कार्यों को विस्तार से बताते हुए संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि महामारी से बचाव में क्वारंटीन सेंटर की भूमिका महत्वपूर्ण है. जिसप्रकार हजारों की संख्या में मजदूर गांव घर की ओर लौट रहे है ऐसे में सभावित संक्रमण को रोकना अति आवश्यक है.
ऐसी परिस्थिति में क्वारंटीन सेंटर पर जांच, आवश्यक दवाई, भोजन, पानी, शौचालय का समुचित प्रबंधन जरूरी है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्वारंटीन सेंटर के समुचित प्रबंधन की चिंता की है.
कार्यकर्ता क्वारंटीन सेंटर पर मास्क, सैनिटाइजर के साथ रोग प्रतिरोधक होमियोपैथी की दवा और काढ़ा की सुविधा भी आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराएंगे.
क्वारंटीन सेंटर की स्वच्छता, सैनिटााइजेशन, पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएंगे. उन्होंने कहा कि क्वारंटीन सेंटर उबाऊ एवं निराश भरने वाला नहीं हो सके इस दृष्टि से पार्टी ने विचार करके सेंटर पर योग, प्राणायाम, खेल, कौशल विकास एवं भजन आदि के माध्यम से क्वारंटीन सेंटर में खुशनुमा माहौल बनाया जाये.

