रांचीः केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं वन पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड विधान सभा चुनाव में एक तरफ विकास करने वाली पार्टी है दूसरी ओर झारखंड को लूटने वाली पार्टियां है.
एक तरफ साफ सुथरी सरकार देने वाली भाजपा है दूसरी ओर राज्य को घोटाले से बदनाम करने वाले लोग हैं, एक ओर झारखंड राज्य को बनाने वाली पार्टी है. दूसरी ओर राज्य निर्माण को टालने वाले तथा आंदोलन को बेचने वाले लोग हैं. उन्होंने कहा कि जनता इन बातों को जानती और समझती है.जनता को पता है कि कैसे झारखंड निर्माण को वर्ष 1993 में टाल दिया गया था, कैसे बोली लगाई गई थी. झारखंड के निर्माण के बदले पार्टियों ने खुद का निर्माण किया.
जनता स्थायित्व और विकास को पसंद करती है
जावडे़कर ने कहा कि जनता ने साफ, सुथरी और विकास के लिए वोट किया है, जनता स्थायित्व और विकास को पसंद करती है. रघुवर दास की सरकार ने पांच वर्षों तक स्थाई , भ्रष्टाचार मुक्त और विकासोन्मुख सरकार दिया है. विपक्ष भी भ्रष्टाचार का कोई ठोस आरोप नहीं लगा सके. डबल इंजन की सरकार के डबल फायदे झारखंड में साफ दिखाई दे रहे हैं. माओवाद का सफाया हो गया. उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना , कृषि आशीर्वाद योजना से लाखों परिवार लाभांवित हुए.
1.17 लाख सरकारी नौकरियां मिली, एक दिन में 25 हजार युवाओं को रोजगार देकर सरकार का नाम लिम्का बुक में दर्ज हुआ, 5 लाख से ज्यादा आवास मिले गरीबों को ,5 वर्षों में 43 हजार आदिवासियों को जमीन के पट्टे मिले. कुटकू dam से सिंचाई के साथ भूजल स्तर को भी बढ़ाने का कार्य हुए. पार्टी विकास और विकास के नारे पर चुनाव में जनता का विश्वास प्राप्त करेगी. प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता जेवीएल नरसिम्हा, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रमुख संजय मयूख, जफर इस्लाम, सुदेश वर्मा, प्रतुल शहदेव शिवपूजन पाठक आदि शामिल थे.

