रांची: भाजपा सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर तबके के लोगों को साथ लेकर चलना भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है. यही वजह है भाजपा सरकार ने अपनी जन कल्याणकारी योजनाओं में सभी वर्गों को समावेशित किया है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने आदिवासी कल्याण के लिए कई सारे काम किये हैं, जो वर्ष 2014 के पहले नहीं हो पाया था. भाजपा ने प्राथमिकता के साथ योजनाओं को उनके घर तक पहुंचाने का काम किया. अनुसूचित जाति और जनजाति राज्य आयोग का गठन किया गया.
उन्होंने कहा कि यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले को 1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की पहल की गई.
सोरेन ने कहा कि दुमका में चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना की गई. वहीं, देवघर में एम्स की स्थापना की गई. यहां गम्भीर बीमारियों के इलाज के साथ-साथ चिकित्सा के क्षेत्र में नए शोध कार्य भी होंगे.
उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2022 तक केंद्र द्वारा स्वीकृत 70 नए एकलव्य मॉडल स्कूलों को तेजी से पूरा किया जाएगा. कृषि विकास केंद्रों की तर्ज पर वन विकास केंद्र का निर्माण किया जाएगा.
जनजातीय युवाओं के मुफ्त प्रशिक्षण के लिए विभिन्न सेवा में भर्ती के लिए स्कूल स्थापित की जाएगी. जिससे वे सैन्य, अर्धसैनिक और पुलिस बलों में शामिल हो सकें. इनकी बहाली के लिए चयन प्रक्रिया के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
सेना में बहाली के लिए कैम्प लगाए जाएंगे, यह कैम्प जनजातीय बहुल क्षेत्रों मेंअयोजित किये जायेंगे.
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के हर प्रखंड में कौशल विकास केंद्र की स्थापना भी होगी. इसके अलावा नए व्यव्साय के लिए आवश्यक उपकरण और मशीनरी के लिए सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी.

