दिल्ली: कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास 14 जिलों का दौरा करने के बाद पटना पहुंचे. जिलों में हुए कार्यक्रमों में उन्होंने कांग्रेसजनों से खुलकर बात की और पार्टी का राज्य की मुख्यधारा में लाने की योजना बनाई.
दास ने जिलों में पार्टीजनों को बताया कि किसान कानून के खिलाफ सारे देश के किसान दो महीने से अधिक समय से दिल्ली सीमा पर धरना दे रहे हैं. लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनी गयी भाजपा की सरकार उनकी उचित मांगों की अनदेखी कर रही है.
उन्होंने नालंदा में कांग्रेसजनों के साथ बैठक की और पटना लौटे. उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि कांग्रेस को मुख्यधारा की पार्टी बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है.
पार्टी मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा के अनुसार दौरे में उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन के अलावा कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, श्यामसुन्दर सिंह धीरज और डॉ. समीर कुमार सिंह अपने-अपने प्रभार के जिलों में साथ रहे. औरंगाबाद में पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार भी उपस्थित थे.

