भाजपा के दर्जनों नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थामा राजद का दामन
चतरा: बिहार में विधानसभा चुनाव से पूर्व चतरा में भाजपा को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के नीति सिद्धांतों और जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा के क्रियाकलापों से नाराज दो दर्जन भाजपा नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी छोड़कर राजद का दामन थाम लिया है.
सिमरिया में आयोजित समारोह में सूबे के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भाजपा छोड़कर लालटेन का दामन थामने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया है.
मौके पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ भाजपा नेता सुबोध पांडे, जेवीएम के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सह भाजपा नेता वीरेंद्र कुमार यादव, पूर्व बन्हे प्रभारी प्रमोद सिंह, बगरा मंडल के पूर्व कोषाध्यक्ष प्रमोद सिंह, अमित सहाय, अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व महामंत्री परवेज आलम, प्रकाश आनंद व नित्यानंद समेत करीब डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं ने राजद का दामन थाम लिया.
मौके पर जहां राजद का दामन थामने वाले भाजपा नेताओं ने भाजपा पर कार्यकर्ताओं को तरजीह व मान सम्मान नहीं देने का गंभीर आरोप लगाया, वही जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा पर भी मनमाने तरीके से पार्टी में नेपोटिज्म को बढ़ावा देने का आरोप मढ़ा.
वहीं कल देर शाम तक चले कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने भाजपा कार्यकर्ताओं का राजद में स्वागत करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह तो एक बानगी है, पूरी कहानी अभी बाकी है.
सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि भाजपा आज अपने विचारों से पूरी तरह भटक चुकी है. यही कारण है कि पार्टी में लंबे अर्से तक झंडा ढोने वाले नेता और कार्यकर्ता अब भाजपा छोड़कर राजद के नीति और सिद्धांतों से प्रभावित होकर दामन थाम रहे हैं.

