-
कुशलक्षेम जाना, राशन, मास्क, सैनिटाइजर भेंट कर कोरोना संकट से मुक्ति के लिये की प्रार्थना: प्रदीप वर्मा
रांची: अद्वैत वेदांत दर्शन के प्रणेता, भारत के चारों दिशाओं में चार धाम की स्थापना करते हुए हजारों साल पुरानी सनातन संस्कृति को पुनः प्रतिष्ठापित करने वाले महान संत आदि शंकराचार्य की जयंती पर प्रदेश भाजपा ने पाहन एवं पुजारियों के परिवारों को सम्मानित करते हुए मनाया.
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सेवा कार्यों के समन्वयक प्रदीप वर्मा ने बताया की प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के निर्देशानुसार आज प्रदेश के सभी जिलों में यह सम्मान कार्यक्रम चलाया गया.
वर्मा ने बताया कि समाज जीवन मे पाहन, पुजारी भारत की सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं. अपने दैनंदिन पूजा पाठ प्रार्थना के साथ समाज मे सद्गुणों को फैलाने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के बीच धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ कथा जैसे कार्य पूर्णतः बंद है. ऐसे में समाज का एक प्रमुख वर्ग भी संकट से गुजर रहा है.
वर्मा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आलोक में आज सभी जिलों में पाहन, पुजारियों के परिवार में जाकर भाजपा कार्य कर्ताओं ने मुलाकात की, उनका कुशल क्षेम जाना और कोरोना संकट से मुक्ति केलिये प्रार्थना की.
वर्मा ने बताया कि पूरे प्रदेश में 3840 परिवारों से मिलकर पार्टी की ओर उन्हें राशन, मास्क, सैनिटाइजर भी भेंट किया गया. उन्होंने कहा कि कई पाहन, पुजारी परिवारों में यह सम्मान कार्यक्रम भावुकता से भर गया.

