रांची: भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिश्वर सिंह ने कहा की पहली बार भाजपा ने ही राज्य के किसानों को इजराइल भेज कर उन्नत कृषि तकनीक का प्रशिक्षण दिलवाया.
अब तक 90 से ज्यादा किसानों को इजरायल कृषि को तकनीक सीखने के लिए भेजा जा चुका है. अब यह किसान अपने क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक से कृषि कर रहे हैं और लोगों के बीच उदाहरण बन रहे हैं.
भाजपा का लक्ष्य 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का है. ज्योतिश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 1 एकड़ तक जमीन वाले किसानों को 11,000 और 5 एकड़ तक जमीनों वाले किसानों को 31000 मिल रहे हैं.
राज्य के 35 लाख किसानों को इसका लाभ मिल रहा है. सिंह ने कहा कि राज्य के किसानों के बीच यह भरोसा बढ़ा है कि भाजपा उनके सच्ची हितैषी है, जबकि बाकी पार्टियों ने किसानों को महज सब्जबाग ही दिखाएं.
भाजपा सबका साथ सबका विकास के नारे पर विश्वास रखती है और इसी के तहत किसानों और राज्य ग्रामीण जनता के उत्थान का भी काम कर रही है. गांव और किसानों के उत्थान का सकारात्मक प्रभाव राज्य के विकास पर दिख रहा है.

