दुमका: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा दुमका विधानसभा सीट से इस्तीफा दिये जाने के बाद रिक्त हुए इस सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. हालांकि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव के तिथि की घोषणा नहीं की गयी है.
इसी क्रम में रविवार को भाजपा ज़िला कार्यालय में जिलाध्यक्ष निवास मंडल की अध्यक्षता में पार्टी के दुमका शहर के सभी बूथों के संयोजक एवं स्व संयोजकों की बैठक आहूत की गई. इस बैठक में मुख्य रूप से भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी , प्रदेश प्रभारी सत्येंद्र सिंह और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिनोद शर्मा भी शामिल हुए.
बैठक में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्व पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. बैठक में दुमका विधानसभा क्षेत्र के शहरी क्षेत्र में अवस्थित 45 बूथों के संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए. बैठक में प्रत्येक बूथ की वस्तुस्थिति पर चर्चा करने के साथ सभी संयोजक एवं सह संयोजकों से विचार-विमर्श कर आवश्यक मार्गदर्शन दिये गये.
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा उपचुनाव में सभी तरह की त्रुटियों को दूर कर पूरे जोश-खरोश और उत्साह के दुमका में पुनः पार्टी प्रत्याशी को विजय दिलाने की संकल्प लिया. बैठक में ज़िला उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, अमिता रक्षित, पिंटू अग्रवाल, सुनील गुप्ता, सतीश राय,अनुज आर्या, नरेंद्र शर्मा, ओम केशरी, अजय गुप्ता,पवन केशरी,धर्मेंद्र सिंह, रिंकु मोदी, मार्था मुर्मू, प्रदीप मिश्रा,दीपक सिंह अजय पाठक सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे.

