रांची: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बुरुगुलीकेरा गांव में सात ग्रामीणों की हत्याकांड मामले में भाजपा की छह सदस्यीय जांच टीम ने बुधवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी रिपोर्ट सौंप दी.
राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपने के बाद भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि पार्टी 24 जनवरी को जांच टीम घटनास्थल का दौरा कर वहां के लोगों से संवेदना व्यक्त करने तथा मामले की पूरी जानकारी लेने जा रही थी, लेकिन बीच में ही पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोक दिया.
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने हत्याकांड की जांच के लिए छह सदस्यीय टीम का गठन किया था. इस जांच दल में झारखंड समेत पांच राज्यों के पांच सांसद और एक झारखंड के एक वरिष्ठ विधायक शामिल थे. जांच दल में गुजरात के सांसद जसवंत सिंह, झारखंड के राज्यसभा सांसद समीर उरांव, महाराष्ट्र के सांसद भारती पवार, छत्तीसगढ़ के सांसद गोमती साय, पश्चिम बंगाल के सांसद जॉन बारला तथा खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा शामिल थे.

