नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है. खास कर पिछले हफ्ते गृहमंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे के बाद से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी की तरफ से बयानबाजी का दौर लगातार जारी है. चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर लगातार बीजेपी पर हमले कर रहे हैं.
उन्होंने बीजेपी के नेताओं को चुनौती दी है कि वो सामने आ कर ऑन रिकॉर्ड ये कहे कि अगर पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में 200 सीटें हासिल करने में विफल रहती है तो वे अपने संबंधित पदों को छोड़ देंगे.
इससे पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सोमवार को ट्विटर पर दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को दहाई का आंकड़ा पार करने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी. गृह मंत्री अमित शाह के हालिया पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान टीएमसी के कई नेता बीजेपी में शामिल हो गए थे और शाह ने आगामी विधानसभा चुनावों में 200 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया था.

