रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने में केंद्र सरकार की भूमिका और उन्हें रोजगार देने के मसले पर लगातार किये जा रहे बयानबाजी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि खाली बैठे भाजपा नेता संकट की इस घड़ी में निजी स्वार्थ के लिए राजनीति न करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के इस वक्त वे ढ़ाई-तीन बजे रात तक अधिकारियों और अपनी टीम के साथ बैठक कर बाहर में फंसे कामगारों और बच्चों को वापस लाने, सभी जरूरतमंद परिवारों को सहायता पहुंचाने की रणनीति तैयार कर रहे है और भाजपा नेता लॉकडाउन में अपने घर में बैठकर सिर्फ राजनीतिक मकसद को पूरा करने में जुटे हैं.
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रवासी कामगारों और बच्चों को लेकर केंद्र सरकार से जितना पत्राचार किया गया, उसमें यदि भाजपा नेता कुछ पत्र भी प्रधानमंत्री को लिखते, तो सभी को वापस लाने में इतना विलंब नहीं होता.

