रांचीः बजट सत्र के आठवें दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायकों ने रांची में सचिन वर्मा के साथ हुई मॉब लिचिंग का मुद्दा उठायाइस पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि घायल युवक को अस्पताल ले जाना चाहिए था, थाने ले जाकर गलती की. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. सदन की कार्यवाही के दौरान चंदनकियारी के विधायक अमर कुमारी बाउरी ने वेदांता स्टील के विस्तारीकरण को लेकर की गई जनसुनवाई का मामला उठाया. इस पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि विस्तारीकरण को लेकर की गई जनसुनवाई अगर फर्जी है तो सरकार इसे देखेगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार स्थानीय लोगों को रोजगार की पक्षधर, सरकार कंपनियों के कार्यों की समीक्षा कर रही है, गड़बड़ियों को सुधारा जाएगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने शासनकाल में इन्होंने कुछ नहीं किया, अब काम करने में सिर्फ अड़ंगा लगाते हैं. इससे पहले विधानसभा परिसर में अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर भाजपा विधायक अनंत ओझा तथा अपर्णा सेनगुप्ता धरने पर बैठे रहे.

