रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा है कि गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दूबे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे है.
उन्होंने कहा कि तीन बार गोड्डा की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनने का काम किया, लेकिन आज जब स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को सांसद के समक्ष रखते है, तो सारी निर्ल्लजता त्याग कर मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक पर ही बेबुनियाद आरोप लगाकर पल्ला झाड़ लेते है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बने, अभी छह महीने का ही समय हुआ है, इससे पहले 16वर्षां तक भाजपा ने ही झारखंड में राज किया है, सांसद निशिकांत दूबे ने भी इस दौरान अपनी खुब मनमर्जी चलाने का काम किया, उन्हें बताना चाहिए कि जब वे वर्षा से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे है, तो इलाके में सड़कों की स्थिति इतनी क्यों जर्जर है, ये सड़कें अभी छह महीने में खराब नहीं हुई है, पिछले साढ़े तीन महीने से तो आवागमन ही नगण्य है, इक्का-दुक्का निजी वाहन ही चल रहे है, फिर यूपीए शासन में सड़क कैसे खराब हो गयी, जनता जब उनके पास मांग रखने जाती है, तो जनप्रतिनिधि होने के नाते इस तरह का दुर्व्यवहार करना उन्हें शोभा नहीं देता है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने कहा कि निशिकांत दूबे का लॉकडाउन में यदि मानसिक संतुलन गड़बड़ा गया है, तो अपना इलाज करना चाहिए, लेकिन जिस जनता के भरोसे वे संसद तक पहुंचे है, उन्हें अपमानित करने का काम बंद करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद ने जिस तरह से अनर्गल आरोप लगाया है, पार्टी उसके खिलाफ जोरदार आंदोलन करेगी.

