नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि दिल्ली में बीजेपी ने सुनियोजित तरीके से दंगे करवाए. सिंह ने कहा कि ये बात मैं संसद में भी बोल चुका हूं और पहले दिन से यही कह रहा हूं कि दिल्ली के दंगे भारतीय जनता पार्टी ने करवाए हैं.
उन्होंने कहा कि दंगों के दौरान केंद्रीय गृहमंत्रालय के अंतर्गत आने वाली दिल्ली पुलिस ने इन दंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि दंगे होने के बाद पुलिस कार्रावई कर रही है.
उसमें भी चार्जशीट में कई बातें छुपाई जा रही हैं. संजय सिंह ने कहा कि अब दिल्ली पुलिस की मदद के लिए बीजेपी अपने पसंदीदा वकील लगाने में तुली हुई है.
संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली दंगों में शामिल बीजेपी के काले चहरों को छुपाने के लिए केंद्र की बीजेपी सरकार अपने पसंदीदा वकील इस केस में लगवाना चाहती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और उपराज्यपाल अनिल बैजल मिलकर उन लोगों को बचाना चाहते हैं जो दिल्ली दंगों का कारण बने.

