Ranchi:भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यसमिति बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक रांची स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई. बैठक में दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक की समीक्षा की गई और कार्यसमिति में लिए गए कार्यों के निष्पादन की रूपरेखा तैयार की गई.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों को कार्यसमिति के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और आने वाले बैठकों के लिए शुभकामनाएं दी.
उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं को जिला से लेकर बूथ स्तर एवं मोहल्ला स्तर तक पहुंचने की जरुरत है. ताकि राज्य के अनुसूचित समाज के अंतिम व्यक्ति तक मोर्चा की पहुंच हो सके. तभी अनुसूचित समाज के लोगों के जीवन में आर्थिक, समाजिक एवं राजनीतिक रूप से बदलाव लाया जा सकेगा.
बैठक में उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक में लिये गये कार्यों ससमय पूर्ण करने को लेकर चर्चा की एवं अगामी महीनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गयी.
प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सभी जिलो नें जिला कार्यसमिति का गठन 15 फरवरी 2021 तक गठित हो जाये यह सुनिश्चित करना है. जिला कार्यसमिति के गठन के बाद 20 फरवरी 2021 तक सभी जिलों में कार्यसमिति की बैठक आयोजित करनी है. मंडल कार्यसमिति की बैठक 28 फरवरी 2021 तक आयोजित किया जाना है.
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 2021 को संत रविदास जयंती बड़े स्तर पर आयोजित की जायेगी. सभी जिले में संत रविदास जयंती मनाने का कार्यक्रम तय किया गया.
23 फरवरी 2021 को सभी जिले में संत गाड़गे जयंती एवं 24 फरवरी 2021 को सभी जिले में माता सबरी की जयंती मनायी जायेगी.
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री, जिला प्रभारी, प्रमंडल प्रभारी, कार्यालय मंत्री एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

