रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस राहत निगरानी (कोविड-19) समिति की बैठक आज रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में बनाये गये कंट्रोल रूम में हुई. इस बैठक में समिति के सदस्य प्रदीप तुलस्यान, आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू उपस्थित थे.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि एक ओर भाजपा नेतृत्च वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने औरैया सड़क हादसे में मृतकों को के पार्थिव शरीर को काले प्लास्टिक में भर कर ट्रक पर लाद पैतृक गांव भेजने का अमानवीय और असंवेदनहीनता की पराकाष्ठा को छूने का शर्मनाक किया है.
वहीं झारखंड के भाजपा नेता अपने घर में नाश्ता-पानी करने के बाद सोशल मीडिया पर चैटिंग कर मजदूर हितैषी होने का ढोंग रच रहे है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से यूपी सरकार ने एक ही ट्रक पर पार्थिव शरीर के साथ घायलों को भी लाद कर भेजने का काम किया है, वह अमानवीय व्यवहार की पराकाष्ठा है.
इस ट्रक में मजदूरों की ओर से झारखंड सरकार को सूचना दी गयी कि बर्फ की सिल्ली गलने के साथ ही शव की स्थिति खराब होती जा रही है, इस कुकृत्य करने के लिए भाजपा नेताओं को सोशल मीडिया पर चैटिंग करने की जगह प्रवासी कामगारों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा अचानक लिये गये एक फैसले ने पूरे देश को अराजकता की स्थिति में ढकेलने का काम किया है, संकट की इस घड़ी में मानवीय धारणाएं होती है कि कष्ट में सभी अपने परिजनों और सगे-संबंधियों और मातृभूमि में रहना चाहते है. यही कारण है कि गरीब-मजदूर पैदल अपने कंधे पर बच्चों और गठरी को लेकर कड़ी धूप में भी हजारों किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर है.
उन्होंने कहा कि झारखंड से भी केंद्र सरकार में दो-दो मंत्री है, प्रदेश भाजपा के नेता अपने केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों के साथ सोशल मीडिया में चैटिंग करें और देशभर में फंसे सभी श्रमिकों की घर वापसी सुनिश्चित कराएं और श्रेय खुद ले लें, कांग्रेस पार्टी इस संकट के समय में प्रवासी श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को मदद कर कोई श्रेय हासिल नहीं करना चाहती है.
परंतु भाजपा नेताओं को इस भीषण संकट के दौरान सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने की जगह गरीबों-मजदूर और बेवश परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहने के दौरान हाईफाई फाइव स्टार होटल की तरह सुविधायुक्त पार्टी कार्यालय बनाया गया है, लॉकडाउन में पिछले दो महीने से कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगा है, इसे क्वारंटाइन सेंटर बनाने के लिए प्रशासन को सौंप देना चाहिए,ताकि बाहर से लौट रहे प्रवासी श्रमिकों को बेहतर सुविधा के साथ ठहराया जा सके.
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्राप्त निर्देशानुसार सभी जिलों के जिला अध्यक्षों, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्षों और जोनल समन्वयकों को यह निर्देश दिया है कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में घर वापस लौट रहे प्रवासी कामगारों को भोजन-पानी और चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराये,ताकि उन्हें कोई कष्ट न हो.

