रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नई सरकार को शुभकामना देती है और एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेगी.
प्रतुल ने कहा कि भाजपा यह उम्मीद करती है कि आने वाली सरकार भारतीय संस्कृति की उच्च परंपराओं के अनुरूप कार्य करेगी. नई सरकार अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए कोई भी अच्छी योजना लाएगी तो भारतीय जनता पार्टी उसका आकलन कर समर्थन करेगी.
प्रतुल ने कहा कि भाजपा के लिए सबसे बड़ा मुद्दा राज्य का विकास है और इस मुद्दे पर वह कभी भी नकारात्मक राजनीति नहीं करती है. प्रतुल ने कहा कि गठबंधन ने लगभग 2 वर्ष तक सत्र का बहिष्कार किया था और भाजपा सरकार के विकास योजनाओं का भी विरोध किया था. लेकिन भाजपा ऐसी नकारात्मक राजनीति में विश्वास नहीं रखती और सकारात्मक कानून सम्मत मुद्दों पर सरकार का साथ देगी.
प्रतुल ने कहा कि भाजपा सजग विपक्ष की भूमिका निभाएगी और यह सुनिश्चित करेगी की गठबंधन सरकार में मधु कोड़ा पार्ट 2 की नई कहानी न हो जाये.
प्रतुल ने आर्चबिशप फेकिक्स टोप्पो के द्वारा दिए गए उस बयान की भी निंदा की जिसमें उन्होंने सरकार के परिवर्तन को क्रिसमस गिफ्ट बताया था. उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं को ऐसे राजनीतिक बयान देने से परहेज करना चाहिए.
भारत का संविधान किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में अपने धर्म का प्रचार करने की इजाजत देता है. लेकिन धर्म के नाम पर राजनीति करने की कतई इजाजत नहीं देता है.
आर्चबिशप के द्वारा गठबंधन की सरकार को क्रिसमस गिफ्ट के समान बताया जाना कतई उचित नहीं है. यह वाकया साफ दिखा रहा है कि आने वाली गठबंधन सरकार की तारों को वास्तविक रूप से कहां से खींचा जा रहा है.

